UP News: हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ बुधवार को रामनगरी अयोध्या में महाशिवरात्रि का उल्लास छा जाएगा। इसके लिए शिव मंदिरों को भव्यता प्रदान की गई है। आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में शिव भक्त अयोध्या पहुंचेंगे और ऐतिहासिक शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन कर अपनी आस्था अर्पित करेंगे। शिवरात्रि से पहले मंगलवार को रामनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। बुधवार को 15 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
इससे पहले मंगलवार को करीब आठ लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं। वे दर्शन-पूजन कर रहे हैं। राम मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई है। सुबह पांच बजे से ही मंदिर में दर्शन-पूजन शुरू हो गया है। मंगलवार होने के कारण हनुमानगढ़ी में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। यहां डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है।