Up News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार देर शाम दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति और उसके साथ बैठे 4 मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। स्विमिंग पूल से लौटते समय हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मोहल्ला रफीकनगर मजीदपुरा निवासी 36 वर्षीय दानिश अपने परिवार और पड़ोस के बच्चों को स्विमिंग पूल में नहलाकर वापस ला रहा था। दानिश अपनी 2 बेटियों माहिरा (6 वर्ष) और समायरा (5 वर्ष), अपने भतीजे समर (8 वर्ष) और पड़ोसी लड़की माहिरा (8 वर्ष) को एक ही बाइक पर लेकर घर लौट रहा था।
जैसे ही दानिश की बाइक बुलंदशहर-हापुड़ हाईवे पर स्टॉप के पास पहुंची तो तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सभी की मौत हो चुकी है।
जब परिजनों को हादसे की जानकारी मिली और वे अस्पताल पहुंचे तो अपनों के शव देखकर कोहराम मच गया। हर तरफ रोने-चीखने की आवाजें गूंजने लगीं। पूरा इलाका गमगीन हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विनीत भटनागर ने बताया कि यह हादसा हाफिजपुर थाना क्षेत्र में हुआ है। ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जांच जारी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।