Up News : यूपी के कौशांबी जिले में युवती की हत्या के आरोपी की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम से मुठभेड़ हो गई है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके पास से अवैध असलहा और कपड़े तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन जब उसने इनकार कर दिया तो उसने वारदात को अंजाम दे दिया। जानकारी के मुताबिक, 28 अप्रैल को थाना पश्चिमशरीरा क्षेत्र में एक युवती की गर्दन और हाथ की नसें काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी ने करारी, पश्चिमशरीरा, पिपरी थानों के प्रभारियों और एसओजी-सर्विलांस टीमों का गठन किया था। जानकारी के आधार पर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। इस दौरान भगवतपुर कटरा निवासी सुरेंद्र सिंह पटेल का नाम सामने आया। 29 अप्रैल को पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए हत्या के दौरान पहने कपड़ों को छिपाने की बात कबूल की। पुलिस टीम आरोपी को बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर ले गई। तभी उसने अपने बैग में रखे अवैध तमंचे से पुलिस पार्टी पर जानलेवा गोली चला दी।
पुलिस ने खुद को बचाने के लिए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, घटना के दौरान पहने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है। मुठभेड़ के बाद सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि हत्या में प्रयुक्त असलहा और साक्ष्य भी बरामद कर लिया।