UP News: वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुसगवां गांव में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया जब बारातियों को खराब खाना परोसने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के बाद कुछ दबंगों ने आगजनी शुरू कर दी. लोगों ने एक बाइक को आग के हवाले कर दिया, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई, वहीं एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई|
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. वजीरगंज थाना पुलिस ने मौके से करीब आधा दर्जन उपद्रवियों को हिरासत में लिया है. फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है. इस हिंसक घटना ने शादी की खुशियों को तनाव और खौफ में बदल दिया. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी|