UP News: गेहूं काटने गए किसानों को खेत में मिला बैग, खोला तो मचा हड़कंप
UP News: यूपी के देवरिया जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक खेत में ट्रॉली बैग मिला. गेहूं काटने आए किसानों ने ट्रॉली बैग देखकर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचते ही थानाध्यक्ष को अहसास हुआ कि मामला गंभीर है. उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी और ट्रॉली बैग के चारों ओर बैरिकेडिंग करा दी. सूचना मिलने पर एएसपी भी मौके पर पहुंच गए. उनकी मौजूदगी में ट्रॉली बैग खोला गया, जिसे देखकर सभी दंग रह गए. ट्रॉली बैग में एक युवक का शव मिला| ट्रॉली बैग में शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई|
हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. वहीं पुलिस की टीम शव की पहचान करने में जुटी हुई है. तरकुलवा थाना क्षेत्र के पकड़ी पटखौली गांव में यह ट्रॉली बैग मिला है. दरअसल, रविवार को जितेंद्र गिरी गेहूं की फसल कटवाने के लिए कंबाइन लेकर पहुंचे थे. वह अपने खेत पर पहुंचे ही थे कि बगल के मदन जायसवाल के खाली खेत में उनकी नजर एक ट्रॉली बैग पर पड़ी। खेत में बड़ा बैग देखकर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद तरकुलवा के थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। भीड़ को देखकर थाना प्रभारी ने पूरे इलाके की बैरिकेडिंग करवा दी। सूचना पर पहुंचे एएसपी अरविंद कुमार वर्मा की मौजूदगी में बैग को खोला गया। जैसे ही बैग को खोला गया तो उसके अंदर युवक मिला। पुलिस अनुमान लगा रही है कि युवक के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। वहीं एएसपी ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के लिए जिले की एसओजी समेत अन्य टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।