UP News: मेहंदी का रंग फीका पड़ने से पहले ही नवविवाहिता का सुहाग उजड़ा , सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत
UP News: रिश्तेदार के घर से लौट रहे पिता-पुत्र की शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोंडा-अयोध्या हाईवे पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक की पांच दिन पहले ही शादी हुई थी।
हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर निवासी सूर्य प्रकाश उर्फ दीपू के पुत्र राजेंद्र जायसवाल (45) की पांच दिन पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद दीपू वजीरगंज थाना क्षेत्र के मझारा गांव में अपने मामा के घर भात खाने गया था। रात में पिता राजेंद्र जायसवाल भी वहीं थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
गोंडा अयोध्या हाईवे पर साहिबापुर गांव के हाथीनाग मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिवार के लोग गमगीन हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ अभय सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।