UP News: यूपी के आगरा के जगनेर में नौनी प्याऊ के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे एक बाइक और इको कार में टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक और इको कार में आग लग गई। हादसे के दौरान इको में सवार चालक और यात्री मौके से भाग गए। दोनों वाहन जलकर राख हो गए।
हादसे में बाइक चालक बूंदा उर्फ केशव पुत्र रामचरण निवासी झीटपुरा, 45 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। उसका भाई दिनेश पुत्र रामचरण, 40 वर्ष घायल हो गया। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। हालांकि, बाइक और इको कार पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक बाइक सवार घायल अवस्था में वहां पड़ा था। वहां से गुजर रहे किसी भी व्यक्ति ने उसे अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं की।
दोनों वाहनों में आग देखकर हर कोई भाग रहा था। मौके पर मानवता दिखाते हुए थाना प्रभारी जगनेर ने घायल व्यक्ति को उठाकर अपने वाहन से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।