Up News: एटा के जलेसर में निधौली रोड पर बिजली घर के पास मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राजकुमार के 18 वर्षीय बेटे सौरभ की मौत हो गई। सौरभ अपनी पड़ोस की मौसी राखी को जलेसर स्थित उसकी ससुराल छोड़कर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने सौरभ को तत्काल सीएचसी जलेसर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
लेकिन आगरा पहुंचने से पहले ही सौरभ की मौत हो गई। सौरभ के परिजन वीरेश कुमार ने बताया कि सौरभ तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई विजय एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है, जबकि प्रवीण और गौरव अलीगढ़ में एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। सौरभ की एक बहन रोशनी है जो कक्षा 7वीं की छात्रा है। उसके पिता राजकुमार किसान हैं और 5 बीघा खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
परिजनों ने बताया कि सौरभ पढ़ाई में काफी अच्छा था और वह आईएएस बनना चाहता था। रात में ही कोतवाली पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही की, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर है।कोतवाली पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गजेंद्र धनगर ने बताया कि सौरभ की अचानक मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Tags: