UP News: यूपी के बहराइच में कतर्नियाघाट जंगल में गेरुआ नदी के दूसरे किनारे पर गुरुवार देर शाम एक नर हाथी मृत मिला। गश्त के दौरान वनकर्मियों को इसकी जानकारी हुई। विभाग का दावा है कि हाथी की मौत का कारण स्वाभाविक है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की।
मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड डायरेक्टर दुधवा टाइगर रिजर्व लखीमपुर डॉ. एच राजा मोहन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही उनके सामने शव का पोस्टमार्टम और डिस्पोजल कराया गया। नर हाथी के शव को उसके सभी अंगों के साथ गड्ढा खोदकर नमक और चूना डालकर दफना दिया गया।
डीएफओ बी शिवशंकर ने बताया कि नर हाथी का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की टीम ने किया। मौत का सही कारण जानने के लिए हाथी का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। इसे जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर बरेली भेजा जाएगा।