UP News: उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया। एक घर में खाना बनाते समय लीकेज के चलते गैस सिलेंडर फट गया, जिससे भीषण आग लग गई और 20 घर जलकर राख हो गए। वहीं, आग की लपटों की चपेट में आने से एक महिला और एक युवती भी झुलस गईं।
बता दें कि घटना मंगलवार रात की है। जब एक महिला घर में खाना बना रही थी, तभी गैस सिलेंडर में लीकेज हो गई, जिसका किसी को पता नहीं चला। चूल्हा जलाते ही गैस ने आग पकड़ ली और सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। जिससे महिला और एक युवती भी आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इसने आसपास के 19 अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
लोगों की मानें तो आग से करीब 20 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया है। राजस्व विभाग आग से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा है।