UP News: वाराणसी में संकटमोचन मंदिर के महंत विशंभर नाथ मिश्रा के घर दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की चोरी हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को महंत के घर में रखे लॉकर और आलमारी तोड़कर तीन पीढ़ियों के पुश्तैनी गहने और कैश पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। इसकी खबर महंत को तब लगी जब उनके घर के नौकर ने उन्हें फोन से इसकी सूचना दी। जिसके बाद महंत ने दिल्ली से वापस आकर भेलूपुर थाने की पुलिस को चोरी की एफआईआर दी।
बता दें कि महंत विशंभर नाथ मिश्रा आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसर भी हैं। उनके भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट स्थित आवास के पहले मंजिल के कमरे से चोरी हुई है। चोरों ने 3 लाख नकद के अलावा करोड़ो के हीरे- जवाहरात, सोने के गहने, माणिक की चोरी की है। पुलिस को आशंका है कि पूर्व में महंत के घर में काम कर चुके नौकरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक महंत के घर में चोरों ने एक अलमारी के लॉक तोड़े हैं, जबकि दूसरी आलमारी को खोलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
महंत के PRO ने दर्ज कराई रिपोर्ट
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के मुताबिक महंत के पीआरओ अशोक कुमार पांडेय ने भेलूपुर थाने में शिकायत दी है। इसमें बताया है कि प्रो. मिश्रा अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए थे। उनकी अनुपस्थिति में चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि प्रोफ्रेसर के घर में काम करने वाले सूरज मिश्रा ने उन्हें घटना की जानकारी दी। बताया कि प्रथम तल के कमरे का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। वहां पहुंचने पर पता चला कि कमरे की कुंडी तोड़कर दो अलमारियों से नगदी और जेवर चोरी किए गए हैं।