Up News: आगरा के बाह थाना क्षेत्र के मोहल्ला खटीक टूला में रविवार दोपहर घर की सीढि़यों के बगल में रखे आधे कटे हुए ड्रम में डूबने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे में इकलाैते बेटे की माैत से मां और दादी बेसुध हो गईं। हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ।अखिलेश कुमार ने बताया कि उनके घर के दरवाजे पर सीढि़यों के पास पशुओं का पानी भरने के लिए ड्रम रखा था। ड्रम के पास का उनका डेढ़ साल का बेटा कान्हा खेल रहा था।
खेलते समय कान्हा ड्रम में गिर गया और किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर बाद परिजन की नजर पड़ी, तो बच्चे को बाहर निकाला। तुरंत इलाज के लिए बाह सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।इकलौते बेटे की मौत से परिवार शोक में डूब गया। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि पानी ड्रम में डूबने से बच्चे की मौत की जानकारी मिली थी। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।चिकित्सीय परीक्षण के बाद बाह सीएचसी में डॉक्टर ने कान्हा को मृत घोषित किया गया था।