Up News: कार सवार युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मारी और 500 मीटर तक घसीटा
Up News: यूपी के ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कार सवार दो युवकों ने पहले एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार से टक्कर मारी और फिर उसे 500 मीटर तक घसीटते रहे। युवकों का इरादा पुलिसकर्मी को जान से मारने का था, लेकिन पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए कूद गया और कार के बोनट पर चढ़ गया। इससे उसकी जान बच गई। लेकिन, इसके बाद भी आरोपी 500 मीटर तक कार भगाते रहे।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला थाना बीटा-2 क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार को पी-3 गोल चक्कर के पास ऑल्टो कार सवार दो लोगों ने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए कूद गया और बोनट पर चढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने कार की स्पीड बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर बैठाकर 500 मीटर तक घसीटते रहे। इसके बाद उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और परीचौक पर दोनों आरोपियों को कार समेत पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस पी-3 गोल चक्कर के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान यथार्थ अस्पताल की तरफ से एक ऑल्टो कार तेज गति से आती दिखाई दी। इसमें दो युवक सवार थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन, कार चालकों ने रुकने के बजाय ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल जीत राम को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारकर घसीटने का प्रयास किया और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।