UP News: बेलाताल-श्रीनगर मार्ग पर तेज रफ्तार कार सड़क पर आए अन्ना मवेशी को बचाने में अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई। बेटे ने पुलिस पर घायल पिता को कार से बाहर निकालने में देरी करने का आरोप लगाया है।
थाना अजनर के कैथोरा गांव निवासी कंधीलाल राजपूत (35) दूध बेचने का काम करता था। प्रतिदिन वह कार से दूध के डिब्बे लादकर महोबा डेयरी में बेचने आता था। मंगलवार की दोपहर 12 बजे वह कार से महोबा आ रहा था। तभी बेलाताल मार्ग पर ननौरा गांव के पास सड़क पर एकाएक अन्ना मवेशी आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। खाई में पानी भरने होने के चलते लोगों को वहां तक पहुंचने में दिक्कत हुई। यूपी 112 पुलिस ने मौके पर पहुंच कार के शीशे तोड़कर चालक कंधीलाल को बाहर निकाला। अचेत अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर पहुंचाया गया। वहांडाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे सजल राजपूत का आरोप है कि पुलिस ने पिता को कार से बाहर निकालने में देरी की, यदि समय रहते पिता को अस्पताल पहुंचाया जाता तो जान बच सकती थी। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह का कहना है कि सूचना के दस मिनट के अंदर पुलिस पहुंची थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।