UP News: कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदानगर इलाके के कुंज बिहार में मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग में चार बसें जल गईं। किदवईनगर और फजलगंज फायर स्टेशन से आई दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। कुंज बिहार निवासी राजेश पांडेय ट्रांसपोर्ट सर्विस चलाते हैं। उनके पास आठ बसें हैं, जिन्हें उन्होंने कर्मचारियों को फैक्ट्रियों में लाने-ले जाने के लिए ठेके पर ले रखा है। उनके घर के सामने एक खाली प्लॉट है। रात में सभी बसें इसी प्लॉट में खड़ी होती हैं। इस प्लॉट के पीछे काफी कूड़ा भी जमा रहता है।
मंगलवार देर रात अचानक एक बस से आग की लपटें निकलने लगीं। किसी राहगीर ने बसों को जलता हुआ देखा और शोर मचाया, तब राजेश बाहर निकले और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग बढ़ती देख उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया।
जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, तब तक आग ने एक के बाद एक चार बसों को अपनी चपेट में ले लिया था। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि किदवई नगर और फजलगंज फायर स्टेशन से तीन गाड़ियां भेजी गई हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।