Up News: मऊ जिले में एक रोडवेज बस एक जानवर को बचाने के चक्कर में ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। बस कंडक्टर घायल हो गया, जबकि बस में सवार चार यात्री सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, लखनऊ से बलिया आ रही जनरथ बस रविवार सुबह 4:00 बजे मऊ के मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास एक आवारा जानवर को बचाने के चक्कर में ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, समय रहते चालक ने बस को नियंत्रित कर लिया। इस दौरान बस में सवार चार यात्रियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, लेकिन कंडक्टर मामूली रूप से घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।