UP News: दिव्यांग किशोरी से दरिंदगी, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को लगी गोली, दूसरे की तलाश
UP News: लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शनिवार रात में हुई घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। देर रात में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। दूसरा आरोपी भाग गया।
जानकारी के मुताबिक किशोरी अपने रिश्तेदार के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम में आई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक उसे बहला-फुसलाकर पास के खेत में ले गए, जहां उससे दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन गौतम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपजिलाधिकारी राजीव निगम, थाना प्रभारी सिंगाही, निघासन कोतवाल महेशचंद्र तथा तिकुनिया व बेलरायां पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई। एक आरोपी जावेद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे पुलिस अभिरक्षा में निघासन सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।