UP News: धमाके के साथ गिरे पुल, बीम के नीचे दबे 8 मजदूर

Update: 2025-04-29 06:17 GMT
UP News: उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिरने से मलबे में दबकर 8 मजदूर घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मोहनापुर में गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के अंतर्गत निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा बीती रात अचानक ढह गया, जिससे 8 मजदूर घायल हो गए।
काम के दौरान गिरा पुल, मलबे में दबे मजदूरों को जेसीबी से निकाला गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे इस पुल पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक पुल का एक हिस्सा गिर गया, जिससे ऊपर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और घायल मजदूरों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में योगेश पुत्र पूरन सिंह (25), योगेश कुमार पुत्र मंगल सिंह (24), अनिल पुत्र रविन्द्र सिंह (20), सुरेन्द्र पुत्र पूरन सिंह (22), बालकृष्ण पुत्र भोला (30), टिंकू पुत्र राजवीर (30), लोनी पुत्र वीरेन्द्र (30) तथा धर्मपाल पुत्र धाम पाल (35) शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार इस पुल का निर्माण कार्य पीएनसी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है तथा प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी, जिसके कारण यह गंभीर दुर्घटना घटी। फिलहाल घटना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Tags:    

Similar News