UP News: बीजेपी नेता पर हमला, सिर फोड़ा

Update: 2025-04-06 04:13 GMT
UP News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर स्थित सदर तहसील में शनिवार को प्रॉपर्टी डीलर और हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनका पीछा किया और भाजपा बूथ अध्यक्ष की भी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं तमंचे की बट से हमला कर मंडल अध्यक्ष का सिर फोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
तहरीर पर छह नामजद समेत 70-80 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। चिनहट के गणेशपुर रहमानपुर निवासी विपिन कनौजिया ने बताया कि आरोपी पंकज दोस्त रोहित के चाचा संतोष की देवा रोड स्थित जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी बात को लेकर वह उससे रंजिश रखता था। शनिवार दोपहर 2:20 बजे विपिन अपने दोस्त के साथ सदर तहसील पहुंचा। इस दौरान वहां पहले से ही पंकज, उसके साथी सादिक अली, दीपक यादव, राजू जायसवाल, मनोज, रामू समेत करीब 70-80 लोग मौजूद थे।
पीड़ित विपिन का आरोप है कि संतोष की जमीन को लेकर पंकज ने गाली-गलौज और धमकी देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने और उसके साथियों ने विपिन की पिटाई शुरू कर दी। रोहित ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी पीटा।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे धमकी देते हुए भाग गए।
आरोपी पंकज के खिलाफ सुल्तानपुर, बाराबंकी, सीतापुर और लखनऊ में कई मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों पहले प्रॉपर्टी का काम साथ में करते थे। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News