UP News: मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी भोजपुरी गायक की आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गायक दो माह पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज करा रहा था। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक उपेंद्र यादव (29) पुत्र सुरेश भोजपुरी गीत गाता था। बहुत ही कम समय में उपेंद्र यादव सैकड़ों भोजपुरी गीत रिलीज कर उभरते सितारे बन गए थे। बता दें कि सात दिसंबर को उपेंद्र यादव अपनी स्कूटी से मऊ से अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वह सरायलखसी थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव स्थित नक्षत्र मैरेज हॉल के पास पहुंचे तो पहसा की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक दो बहनों व दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार उपेंद्र काफी होनहार था। उसके पिता किसान हैं। परिवार में उपेंद्र ही कमाने वाला था। वह घर का खर्च चलाता था। उसने अपनी बड़ी बहन रीना यादव व छोटी बहन रीमा और छोटे भाई सतेंद्र यादव की शादी कर दी थी। 8 दिसंबर को उपेंद्र के चाचा राम आलम यादव ने हादसे के संबंध में सरायअलंक्षी थाने में आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।