UP News: बरेली में ट्रैफिक व्यवस्था में लगे होमगार्ड अजीत कुमार की जान खतरे में पड़ गई। शनिवार रात जब उन्होंने वन-वे में घुस रही कार को रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। जान बचाने के लिए ड्राइवर बोनट पर चढ़े होमगार्ड को पांच किलोमीटर तक ऐसे ही घसीटता रहा, फिर मिशन कंपाउंड में छोड़कर भाग गया। शहर निवासी 37 वर्षीय होमगार्ड अजीत कुमार सिंह ट्रैफिक पुलिस में ड्यूटी पर हैं। शनिवार रात वह टीएसआई गजेंद्र सिंह के साथ चौफुला पुल के नीचे वन-वे प्रभावी कराने के लिए ड्यूटी पर थे। वहां उन्होंने वन-वे में घुसने की कोशिश कर रही एक सफेद रंग की कार को रोकने की कोशिश की।
होमगार्ड का आरोप है कि कार रोकने के बजाय ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी। उसने कार तेजी से होमगार्ड की तरफ दौड़ा दी। जान बचाने के लिए होमगार्ड अजीत कार के बोनट पर चढ़ गया। जब ड्राइवर ने कार नहीं रोकी तो अजीत ने बोनट कसकर पकड़ लिया। ड्राइवर कार लेकर चौफुला पुल से बदायूं रोड की तरफ भाग गया।
यह देख टीएसआई गजेंद्र सिंह ने अपनी कार से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बदायूं रोड स्थित नेकपुर चीनी मिल के पास गजेंद्र ने अपनी कार खड़ी की तो चालक ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी और थोड़ा आगे चला गया।
वायरलेस पर सूचना प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आगे बैरियर लगा रखा था, इसलिए चालक ने तुरंत कार चौफुला पुल की तरफ मोड़ दी, फिर चौकी चौक की तरफ गया। वहां से कार मिशन कंपाउंड की तरफ मोड़ दी। इस दौरान स्पीड कम हुई तो होमगार्ड ने कूदकर अपनी जान बचाई। चालक होमगार्ड को धमकाकर कार लेकर फरार हो गया। रात करीब 11:45 बजे हुई इस घटना के बाद जिले भर में नाकेबंदी कर कार की तलाश शुरू कर दी गई। एसपी सिटी मानुष पारीक मौके पर पहुंचे और होमगार्ड से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कार का नंबर ट्रेस हो गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी। होमगार्ड पूरी तरह से ठीक है।