Up News: शादी का निमंत्रण न मिलने से नाराज एक युवक ने दूल्हे के पिता को मारी गोली

Update: 2025-03-21 02:11 GMT
Up News : शादी में दूल्हा-दुल्हन के दोस्त अपने रिश्तेदारों से ज्यादा खुश होते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में जब दूल्हे ने अपने दोस्त को शादी का कार्ड नहीं दिया तो वह भड़क गया. पहले तो उसने खूब शराब पी. फिर वह दूल्हे के घर आ पहुंचा. उस वक्त हल्दी की रस्म चल रही थी. दोस्त ने शादी वाले घर में जमकर हंगामा किया. इसके बाद उसने दूल्हे के पिता को गोली मार दी. मामला ट्रॉनिका सिटी के मंडोला इलाके का है. यहां आसरा सोसाइटी का है, जहां 22 मार्च को दीपांशु की शादी होनी थी. शादी से पहले घर में हल्दी की रस्म चल रही थी. तभी दीपांशु का दोस्त वंश अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया. बताया जा रहा है कि दीपांशु ने अपने दोस्त वंश और तरुण को शादी में नहीं बुलाया था, जिससे वंश नाराज था|
दीपांशु के मुताबिक वंश नशे में था. वह अपने साथ करीब 12-13 लोगों को लेकर आया था. जैसे ही फंक्शन शुरू होने वाला था, वंश ने गाली-गलौज शुरू कर दी. इस पर दीपांशु के पिता सोनू ने उसे रोकने का प्रयास किया और वहां से चले जाने को कहा। इस दौरान वंश और उसके साथी आक्रामक हो गए और झगड़ा करने लगे। बात बढ़ने पर वंश ने पिस्टल निकालकर सोनू पर गोली चला दी, जो उसके हाथ में लगी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। गोली लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने सोनू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस बीच वंश और तरुण मौके से फरार हो गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि दीपांशु ने वंश को गाली देने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना और अपने साथी के साथ मिलकर दीपांशु के पिता पर गोली चला दी। पुलिस ने मामले में विशेष टीमें गठित कर दी हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags:    

Similar News