Up News: घने कोहरे में ट्रक की टक्कर से टूटी चौराहे पर लगी आंबेडकर प्रतिमा
Up News: राजस्थान से कैमिकल लेकर सीतापुर जा रहा ट्रक प्रतापनगर चौराहा पर बने गोलदारे को तोड़ते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से टकरा गया। इसके कारण डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा टूटकर गिरगई। रविवार सुबह इसकी जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। बसपा जिलाध्यक्ष भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यहां डॉ. आंबेडकर की दूसरी प्रतिमा लगवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
प्रतापनगर चौराहा पर गोलदारा बना है। यहां ऊंचे प्लेटफार्म पर डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित थी। शनिवार रात घने कोहरे के कारण ट्रक गोलदारे पर चढ़ गया और प्रतिमा को टक्कर मार दी। सीओ अजीत चौहान ने बताया कि चालक और हेल्पर ट्रक समेत पुलिस के कब्जे में हैं। कोतवाल ओपी सरोज ने बताया कि ट्रक चालक राजस्थान का है। वह मौके पर आ रहे हैं। उन्होंने दूसरी मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया है। उधर दूसरी ओर बसपा जिलाध्यक्ष सूर्यकांत निराला के साथ ही सपा नेता अशोक वर्मा गोपार भी मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने यहां प्रतिमा टूटने पर नाराजगी जताई, लेकिन दूसरी प्रतिमा लगाए जाने का आश्वासन मिलने पर शांत हो गए।