UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक युवक ने प्रेमिका से विवाद के बाद उसके दुपट्टे से पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार को बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के कुरड़ीखेड़ा बरूगढ़ मार्ग पर अपने खेतों पर जा रहे किसानों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा और उसके पास एक लड़की रोती हुई दिखाई दी। उन्होंने बताया कि किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद लड़की ने पुलिस को बताया कि बरूगढ़ गांव निवासी समरेज (20) उसका प्रेमी था और उसने दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि युवक और युवती दोनों अलग-अलग धर्मों के हैं और दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था|
अधिकारी ने बताया कि लड़का और लड़की रविवार सुबह अपने घर के पास एक खेत में मिले थे, जहां किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई और इस दौरान लड़के ने लड़की का दुपट्टा उसके गले से खींच लिया और भाग गया तथा एक पेड़ पर चढ़कर दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा|