UP News: रील बनाने की लत बनी जानलेवा, बाइक रेस के दौरान 2 युवकों की मौत
UP News: आजकल सोशल मीडिया पर रील बनाने की आदत कभी-कभी खतरनाक भी साबित हो सकती है, और ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हुआ है. जहां 2 तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब एक युवक बाइक चलाते हुए रील बना रहा था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम बिसौली कोतवाली क्षेत्र के आसफपुर रोड पर हुई. पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय नेकपाल फैजगंज बेहटा क्षेत्र के सैंडोला गांव का रहने वाला था. वह आसफपुर से अपने घर लौट रहा था|
इस दौरान मोहकमपुर गांव के पास उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई. बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक चला रहे युवक की पहचान कौरैरा गांव निवासी 24 वर्षीय अमर प्रताप के रूप में हुई. जांच में पता चला कि अमर प्रताप ने अपनी बाइक के हैंडल पर मोबाइल फोन लगाया था और वह रील बना रहा था. तेज रफ्तार होने के कारण अमर प्रताप सामने से आ रही नेकपाल की बाइक को नहीं देख पाया और दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानिए, अपर पुलिस अधीक्षक केके सरोज का क्या कहना है? बदायूं के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) केके सरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमर प्रताप का ध्यान मोबाइल फोन की स्क्रीन पर था, जिसके कारण वह सामने से आ रही बाइक को नहीं देख पाया। इसके कारण यह भयानक हादसा हुआ। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय बेहद सतर्क रहें और मोबाइल फोन जैसी लापरवाही से बचें, क्योंकि यह किसी की जान ले सकती है।