UP News: यूपी के ललितपुर में थाना तालबेहट अंतर्गत ग्राम बिगारी में सिद्ध बाबा मंदिर के पास खुदाई करते समय मिट्टी गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सीओ अभय नारायण राय व प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी मौके पर गए। बाद में मौके पर जुटे लोगों ने दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकाला और परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। रविवार की रात गणेशपुरा खांदी निवासी अमर सिंह (20) पुत्र गोविंददास व नरेश (23 पुत्र प्रागी) अन्य साथियों के साथ ग्राम बिगारी में सुंदरवन सिद्ध बाबा मंदिर टोरिया के पास खनन व्यवसायी के लिए मिट्टी खोद रहे थे।
अचानक ऊपर से मिट्टी उनके ऊपर गिर गई। इसके नीचे दबकर दोनों की मौत हो गई। मजदूरों के मिट्टी में दबे होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। जिसमें अमर व नरेश के शवों को बाहर निकाला गया। रात में अंधेरा व घना जंगल होने के कारण पुलिस को शवों को मिट्टी से बाहर निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आशंका जताई जा रही है कि अभी और मजदूर मिट्टी के नीचे दबे हुए हैं। पुलिस ग्रामीणों के साथ मिलकर मिट्टी हटाकर उसके नीचे दबे मजदूरों की तलाश कर रही है। दोनों मृत युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद खनन माफिया ट्रैक्टर लेकर भाग गए। बताया जा रहा है कि मिट्टी ढहने से दो लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलने पर प्रभारी तहसीलदार रविंद्र कुमार को मौके पर भेजा गया है।