UP News: श्रावण मास के पावन अवसर पर चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग की गंग नहर पटरी पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार को हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे शिवभक्तों और जल लेने जा रहे कांवड़ियों का अद्भुत उत्साह सड़क के दोनों ओर देखने को मिला। उमस और गर्मी की परवाह किए बिना भक्त हर-हर महादेव के जयकारों के साथ खुशी में नाचते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए।
दिन भर की तेज धूप और गर्मी भी भोले के भक्तों की आस्था के आगे फीकी पड़ गई। सलावा, सरधना, नानू, अटेरना, भलसोना पुल और पूठखास पुल पर चारों तरफ केसरिया रंग की छटा बिखरी हुई थी। कांवड़ियों के जत्थे में कोई डीजे पर भक्ति गीतों की धुन पर नाच रहा था तो कोई गंगाजल से भरे सुंदर कांवड़ लेकर चल रहा था।
कांवड़ यात्रा में हरियाणवी और भोजपुरी भक्ति गीतों की गूंज खास तौर पर दिखाई दे रही है। शिवभक्त इन गीतों पर जमकर नाचते नजर आए। राजस्थान से लौट रहे कांवड़िये अपनी कलात्मक और रंग-बिरंगे फूलों से सजी कांवड़ियों से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। रास्ते में श्रद्धालु इन आकर्षक कांवड़ियों के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। शिव चालीसा, शिवपुराण के प्रसंग और डीजे पर बज रहे भजनों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया।
रविवार सुबह मौसम ने भी कांवड़ियों का साथ दिया। कभी धूप तो कभी छांव में शिवभक्त तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। दोपहर में तेज धूप ने थोड़ी परेशानी जरूर बढ़ाई, लेकिन आस्था की ताकत के आगे वह भी छोटी साबित हुई। प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और यातायात नियंत्रण के इंतजाम किए गए हैं।
Tags: