Up News: बिहारीगढ़ के गणेशपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सहारनपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग हरकत में आ गया। फतेहपुर थाने से एक वाटर मिस्ट यूनिट, मिर्जापुर थाने से एक वाटर टेंडर और बेहट रोड फायर स्टेशन से एक वाटर बॉज़र तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।
सबसे पहले पहुँची वाटर मिस्ट गाड़ी ने फोम से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए पूरी लगन और मेहनत से काम किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया गया कि ट्रक संख्या HR 69 5974 भटिंडा से देहरादून एयरपोर्ट जा रहा था और उसमें एविएशन टर्बाइन फ्यूल भरा हुआ था। हादसे में ट्रक का केबिन और टायर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन पूरे टैंकर को सुरक्षित बचा लिया गया।इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों और पुलिस प्रशासन ने अग्निशमन सेवा की त्वरित और पेशेवर प्रतिक्रिया की व्यापक रूप से प्रशंसा की।अग्निशमन विभाग के अनुसार, कुछ मिनटों की भी देरी से बड़ा विस्फोट हो सकता था। त्वरित प्रतिक्रिया ने एक बड़ी आपदा को टाल दिया।