Up News : नवाबगंज थाना क्षेत्र के सादिकपुर-शुकरुल्लापुर के बीच स्थित बायो रिफाइनरी प्लांट में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे भीषण धमाके होने लगे। प्लांट में मौजूद मालिक व मजदूरों ने भागकर जान बचाई। हालांकि एक मजदूर झुलस गया, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। आसपास के करीब सात किलोमीटर तक तेज धमाकों की आवाजें और आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं।
आग इतनी भीषण थी कि रिफाइनरी के बॉयलर फटने लगे। जानकारी लगते ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड से देर रात तक आग बुझाई गई। कायमगंज निवासी रितिक कौशल का शुकरुल्लापुर-सादिकपुर गांव के बीच बायो रिफाइनरी प्लांट है।
मजदूरों के अनुसार प्लांट में धमाके इतने तेज थे कि सात किमी. दूर तक आवाजें सुनाई दे रही थीं। साथ ही आग की लपटें भी उठ रही थीं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड सर्विस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बायो रिफाइनरी में करीब 35 से 40 धमाके हुए हैं।