Up News: कांवड़ लेने जा रहे 4 श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर, 1 की दर्दनाक मौत
Up News :उत्तर प्रदेश के संभल जिले में कांवड़ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरआरएफ (रैपिड रिस्पांस फोर्स) की टीम मौके पर पहुंच गई। चारों घायलों को तुरंत संभल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक अन्य युवक को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में श्रद्धालुओं और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं लोगों में गुस्सा और आक्रोश भी देखा गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने सावन के महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हर साल इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं, लेकिन लगातार हो रहे हादसे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।