Up News: उत्तर प्रदेश के महोबा में 3 युवक रात भर कार में घूमते थे और दिन भर पैसे उड़ाते थे. इन युवकों के पास कोई काम नहीं था, लेकिन इनके पास हमेशा पैसे रहते थे. जब पुलिस को इनके अमीर होने की वजह पता चली तो वो भी हैरान रह गए. दरअसल ये युवक रात में कार में घूमकर बकरियां चुराते थे. फिर चोरी की गई बकरियों को बेचकर पैसे कमाते थे और मौज-मस्ती करते थे. मिली जानकारी के मुताबिक महोबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बकरियां चुराने वाले 2 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है|
दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई बकरियों की बिक्री से मिले 11,020 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई डिजायर कार भी बरामद की है. पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिन पहले खन्ना थाना क्षेत्र के गांव घंडूआ में तीन बदमाशों ने 6 बकरियां चुरा लीं और उन्हें अपनी डिजायर कार में लादने की कोशिश की. बकरी मालिक के जाग जाने पर बदमाशों ने भागने की कोशिश की. इस दौरान एक आरोपी बृजराज सिंह कार से गिरकर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी सूचना पर पुलिस ने अन्य 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानिए पुलिस पूछताछ में अपराधियों ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पिछले कुछ समय से लग्जरी कारों से ग्रामीण इलाकों में बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इनकी गिरफ्तारी से इलाके में बकरी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की गई बकरियों को 17 हजार रुपये में बेच दिया था और पैसे आपस में बांट लिए थे।
Tags: