Up News: काम करने से इनकार करना एक किशोर के लिए जानलेवा साबित हुआ। भवनियापुर खुर्द के बंधुपुरवा निवासी 16 वर्षीय मंगलदेव को शनिवार देर शाम गांव के ही एक दुकानदार ने तमंचे से गोली मार दी। परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामशंकर वर्मा उर्फ रमई ने बताया कि उनका बेटा गांधी चबूतरा के पास एक होटल पर काम करता था। शनिवार को होटल मालिक उसे बुलाकर ले गया था। पास ही महादेवकला निवासी संदीप मिश्रा की स्प्रे मशीन किराए पर देने की दुकान है। बताया जा रहा है कि संदीप ने मंगलदेव को अपनी दुकान पर काम करने के लिए कहा था, लेकिन मंगलदेव ने मना कर दिया। इसी रंजिश के चलते संदीप ने शनिवार शाम उसे दुकान पर बुलाकर गोली मार दी।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि आरोपी संदीप मिश्रा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि, घटना के 20 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है।सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने संदीप को हिरासत में लिया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।