UP Firing:आगरा के थाना शाहगंज की इंद्रा कॉलोनी में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के बाहर खड़े दो युवकों पर क्षेत्र के ही कुछ दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिन्हें आनन-फानन में एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि उनका पुत्र विष्णु उर्फ राघवेंद्र और भतीजा सन्नी उर्फ तरुण घर के बाहर गली में बिजली के खंभे के पास खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी क्षेत्र का ही निवासी वीपी उर्फ विनय प्रताप वहां पहुंचा और बिना वजह अभद्रता करने लगा। जब विरोध किया, तो आरोपी ने आवाज देकर अपने घर से अन्य साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि वीपी का पिता राजू, भाई छोटू और उनके साथी सारिक, अनस, प्रिंस व अमित ठाकुर हाथों में पिस्टल और तमंचे लहराते हुए आए। पहले उन्होंने दोनों युवकों को बुरी तरह पीटा और नाली में फेंक दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी इंद्रा कॉलोनी में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी असलाह लहराते हुए फरार हो गए।
मुख्य आरोपी वीपी और सारिक शातिर किस्म के अपराधी बताए जा रहे हैं, जो पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें भविष्य में भी इन आरोपियों से जान का खतरा है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।