UP: फर्जी सिपाही प्रेम जाल में फंसा कर करता था ठगी, कई महिलाओं से लूटी रकम
Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक फर्जी सिपाही को अरेस्ट किया है, जो युवतियों और महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर शिकार बनाता था। आरोपी पुलिस की वर्दी में महिलाओं को धोखा देकर शादी करता, शारीरिक संबंध बनाता और जेवर व पैसे लेकर फुर्र हो जाता। पुलिस को पता लगा है कि आरोपी की कई राज्यों में 20 गर्लफ्रेंड हैं, इनमें से 10 से उसके फिजिकल रिलेशन बन चुके हैं।
पुलिस को एक महिला ने शिकायत दी थी, जिसके आधार पर आरोपी को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने आरोपी से वर्दी और मोबाइल रिकवर किया है। मोबाइल में कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। आरोपी की पहचान नौशाद त्यागी उर्फ रिक्की त्यागी उर्फ राहुल त्यागी निवासी गांव मुर्दा पट्टी थाना चरथावल के तौर पर हुई है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को पुलिस कॉन्स्टेबल बताकर उसे जाल में फंसाया।
3 साल से महिलाओं को कर रहा था टारगेट
शादी का झांसा देकर 2.75 लाख रुपये कैश और 3 लाख के जेवर हड़प लिए। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने दिल्ली, मेघालय, गाजियाबाद, असम, मुजफ्फरनगर की कई महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर पैसे हड़पे। कई पुलिसवालों से उसके संबंध हैं, गांव में वह कॉन्स्टेबल बताकर रौब झाड़ता था। 3 साल से वह महिलाओं को शिकार बना रहा था।
दोस्त की चुराई थी वर्दी
उसके निशाने पर विधवा या पति से अलग रह रहीं महिलाएं होती थीं। पुलिस उन महिलाओं की तलाश कर रही है, जिनको आरोपी शिकार बना चुका है। आरोपी का एक दोस्त कॉन्स्टेबल है, 3 साल पहले संभल में उसने उसकी वर्दी चुरा ली थी। साथी का नाम भी नौशाद है, जो उस समय चुनाव ड्यूटी पर गया था।
उसी वर्दी की आड़ में आरोपी महिलाओं को शिकार बनाने लगा। पुलिस मानकर चल रही है कि कई पीड़िताएं ऐसी हैं, जिन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत नहीं दी है। आरोपी ने कुछ और क्राइम तो वर्दी की आड़ में नहीं किया, इसकी जांच हो रही है।