UP Crime: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियांव क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आठवीं की छात्रा को छत से फेंकने की घटना सामने आई है। इधर पुलिस ने रविवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, घायल छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता की मां की तहरीर के मुताबिक 26 दिसंबर को परिवार के सभी लोग खेत में काम करने गए थे। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली उसकी 14 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी।
वह कपड़े उतारने के लिए छत पर गई थी। इसी दौरान मेराज उर्फ ननकू पुत्र जफरुल उसके घर में घुस आया। उसने उसकी बेटी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों का शोर सुनकर उसके परिजन तुरंत घर पहुंचे। उसकी घायल बेटी को अस्पताल ले जाया गया। उधर, आरोपी जफरुल फरार हो गया। एएसपी (ग्रामीण) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर 28 दिसंबर को मामला दर्ज कर रविवार सुबह आरोपी जफरुल को गिरफ्तार कर लिया गया।