UP Crime: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के सरयां गुलाब राय गांव में जामुन के पेड़ से लटकी मिली 20 वर्षीय युवती की मौत का मामला 'हत्या और आत्महत्या' के विवाद में उलझ गया है। हालांकि पुलिस ने आत्महत्या का दावा किया है, लेकिन परिवार का आरोप है कि युवती की हत्या की गई है। 23 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि नगरा थाना अंतर्गत सरयां गुलाब राय गांव में एक युवती का शव पेड़ से लटका हुआ है। युवती की पहचान पूजा चौहान (20) के रूप में हुई थी।
यूट्यूब वीडियो देखने के बाद युवती ने फांसी लगाई: एसपी ओमवीर सिंह
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि युवती ने यूट्यूब वीडियो देखने के बाद फांसी लगा ली, हालांकि, युवती के परिवार ने पुलिस अधीक्षक के दावे को खारिज करते हुए कहा कि पहले उसके साथ दरिंदगी की गई और फिर उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि युवती ने यूट्यूब वीडियो देखने के बाद आत्महत्या की है। वह इस बात से परेशान थी कि उसके प्रेमी ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था, जबकि उसकी 25 अप्रैल को किसी दूसरे युवक से शादी होने वाली थी।
एसपी ने बताया कि जब साक्ष्य जुटाए गए तो तकनीकी साक्ष्यों के जरिए यह स्पष्ट हो गया कि मामले में जिन लोगों पर संदेह था, उनकी भूमिका बहुत स्पष्ट नहीं है। अभी तक तो यही लग रहा है कि यह घटना पूरी तरह से आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, जबकि इस मामले में अभी जांच जारी है।
Tags: