UP Crime: बीएससी छात्रा की गोली मारकर हत्या

Update: 2025-04-18 03:05 GMT
UP Crime: अंबेडकरनगर जिले के हंसवर थाना क्षेत्र के नरकटा बैरागीपुर में गुरुवार रात बाइक सवार दो युवकों ने दूध लेने जा रही युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से इलाके में भय और दहशत का माहौल है। मृतक युवती बीएससी की छात्रा बताई जा रही है। नरकटा बैरागी निवासी दीपांजलि उर्फ ​​चांदनी (24) गुरुवार रात दूध लेने जा रही थी, तभी उसी गांव के खुशीराम और संदीप यादव बाइक से आए और दीपांजलि की कनपटी पर गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे तो देखा कि दीपांजलि का सिर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ टांडा शुभम कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बता रही है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। हालांकि किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रार्थना पत्र मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags:    

Similar News