Up Accident: 24 अगस्त की शाम 7:30 बजे अलीगढ़ के लोधा थाना अंतर्गत दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गांव जतनपुर चिकावटी मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने वाहन को तुरंत पकड़कर लाने की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया, तब जाकर जाम खुल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोधा के गांव रैयत निवासी 28 वर्षीय अमरुद्दीन उर्फ अमरू पुत्र इदरीश खान मजदूरी करता था। शहर में काम करने के बाद वह अपने ही गांव के पप्पी, लुक्का, मुनीश के साथ बाइक से घर जा रहा था। शाम को जैसे ही बाइक सवार दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गांव जतनपुर चिकावटी मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे बाइक हाईवे पर गिर गई। सड़क पर गिरने से अमरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोधा एसओ अंकित सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।