UP Accident: ओवरटेक करने के चक्कर में बालू लदे ट्रेलर से कुचलकर 3लोगो की मौत
UP Accident: गाजीपुर के बरेसर थाना क्षेत्र के लखनौली गांव के पास बुधवार की शाम दो बाइकों के आपस में ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से कुचलकर कुसुम देवी (38), अनन्या (9), कृति (7) वर्ष की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा पति सड़क के दूसरी तरफ गिरने से बच गया।हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से भाग गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रात 7.15 बजे बाराचवर-रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया पत्नी कुसुम, पुत्री अनन्या और छोटे भाई की पुत्री कृति को बाइक से लेकर रसड़ा बहन के घर निमंत्रण पर जा रहे थे।
बरेसर थाना के लखनौली गांव के पास बाराचवर-रसड़ा मार्ग पर पीछे से आ रही एक बाइक का चालक दंपती की बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा। इसी बीच, रसड़ा की ओर से सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से रणजीत की बाइक टकरा गई और असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।इधर बाइक सवार कुसुम देवी और दोनों बच्चियां अनन्या एवं कृति ट्रेलर के पहिए के नीचे चली गईं, जिससे मौके पर ही तीनों की कुचलकर मौत हो गई। जबकि पति रणजीत दूसरी तरफ गिरने से बाल-बाल बच गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।