Unnao उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे। जहां जिले के बांगरमऊ क्षेत्र के छतरपुर कोलिया में शनिवार रात चचेरे भाइयों में हुए झगड़े के बाद एक भाई की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जिसके बाद दूसरे भाई ने भी आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मजदूरी करने वाला 32 वर्षीय सुधीर 3 दिन पहले होली के त्योहार पर गांव लौटा था। शनिवार रात उसका अपने 25 वर्षीय चचेरे भाई अनूप से मामूली झगड़ा हुआ था। कुछ ही देर बाद सुधीर के सीने में तेज दर्द होने लगा और वह गिर पड़ा।
परिजन उसे मदार नगर गांव स्थित एक नर्सिंग होम ले गए, लेकिन वहां से उसे सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भेज दिया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजनों का कहना है कि सुधीर की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी। इस घटना के कुछ देर बाद ही अनूप ने डर के मारे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में दो मौतों से परिजनों में कोहराम मच गया। एक भाई की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया जा रहा है कि अनूप अविवाहित था और 4 भाई और 3 बहनों में दूसरे नंबर का था। वह गांव में मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। वहीं सुधीर अपनी पत्नी पूजा और 3 बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर काम करता था। इस हादसे से उसकी पत्नी और बच्चे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
Tags: