Unnao Accident: टैंकर की चपेट में आने से कार सवार दंपती सहित बच्ची की मौत
Unnao Accident: लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अकबरपुर गांव के पास गुरुवार दोपहर ढाई बजे टैंकर से कार की भिड़ंत में वृद्ध दंपती और उनकी पांच वर्षीय पोती की मौत हो गई। साथ रहे युवक को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दूसरी लेन में जाकर आठ फीट गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस ने चालक समेत डामर (तारकोल) से भरे टैंकर को कब्जे में ले लिया है। लखनऊ के थाना कृष्णा नगर के मोहल्ला मानस नगर, बी 60 प्रताप नगर निवासी सुखदेव प्रभाकर (63) अपना फोटो स्टूडियो चलाते थे। उनकी पत्नी अंजूबाला (60) को काफी समय से दांत में दर्द चल रहा था।
किसी परिचित की सलाह पर वह गुरुवार सुबह अपनी कार से पत्नी, पांच वर्षीय पोती मान्या पुत्री गौरव व साथी रामचेला (45) को लेकर मियागंज कस्बे आए थे। दवा लेकर वह दोपहर में घर जा रहे थे। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अकबरपुर गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में कार दूसरी लेन में जाकर आठ फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से हसनगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने अंजूबाला और मान्या को मृत घोषित कर दिया। कार चला रहे सुखदेव और रामचेला को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान सुखदेव की भी मौत हो गई, जबकि रामचेला की हालत गंभीर है। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।