श्रद्धालुओं के रास्ते में संकट, शुकतीर्थ जाने वाली सड़क पर गहरा गड्ढा

Update: 2026-07-18 15:28 GMT

Morna मोरना :  मोरना (मुजफ्फरनगर)। पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ को जिला मुख्यालय मुजफ्फरनगर से जोड़ने वाले मोरना-मुजफ्फरनगर मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। मोरना कस्बे के बीचों-बीच गुजरने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर प्रशासनिक उदासीनता के कारण जगह-जगह गहरे और जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर बने इन गड्ढों में बारिश का पानी भरने और आसपास कीचड़ फैलने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग केवल क्षेत्रीय आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शुकतीर्थ पहुंचते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर लंबे समय से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

मोरना कस्बे के मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढे अब हादसों को न्योता दे रहे हैं। जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सबसे अधिक परेशान हैं। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

समाजसेवी मा. ऋषिपाल सिंह ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मोरना-मुजफ्फरनगर मार्ग कोई सामान्य सड़क नहीं है, बल्कि यह एक अतिविशिष्ट मार्ग है। उन्होंने बताया कि इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शुकतीर्थ जाते हैं। इसके अलावा हल्के और भारी वाहनों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं की एंबुलेंस भी इसी मार्ग से गुजरती हैं।

उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ में धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ जाता है। कई बार मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य वीआईपी लोगों का भी इसी मार्ग से गुजरना होता है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत वर्षों से खराब बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति से व्यापार और आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि शुकतीर्थ जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल को जोड़ने वाले मार्ग की अनदेखी किसी भी स्तर पर उचित नहीं है।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करता है।

Tags:    

Similar News