राजापाकड़/कुशीनगर : रविवार को गुरवलिया बाजार में बाजार के व्यापारियों ने रोडवेज बस चलाने की मांग को लेकर डॉ विनोद यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथ में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तख्तियां ले रखी थी और उस पर हमारी मांग सरकारी बस जैसे स्लोगन लिखी हुई थी। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ विनोद यादव ने कहा कि इस सड़क पर वर्षों से रोडवेज बस चलाने की मांग यहां के व्यापारियों के द्वारा किया जा रहा है लेकिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा कभी भी व्यापारियों के मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। वहीं इस दौरान समाज सेवी आनंद यादव ने कहा कि इस रुट पर रोडवेज बसों के संचालन नहीं होने से इस क्षेत्र के लोगों का पैसा और समय दोनों बर्बाद होता हैं। कहा कि गुरवलिया से कसया या सेवरही जाने के लिए घंटों समय की बर्बादी होती है और किराया भी बहुत ज्यादा देना पड़ता हैं। गौरतलब है कि कसया वाया तुर्कपट्टी, गुरवलिया होते हुए सेवरही को जोड़ने वाली 32 किलोमीटर की सड़क करीब पांच वर्ष पहले ही दो लेन में बदल चुका है। इस रुट पर जहां बनरहा मोड़ पर किसान पीजी कॉलेज स्थित है वहीं गुरवलिया बाजार में बागेश्वरी रामबासी डिग्री कॉलेज तो तुर्कपट्टी में राजेश्वर पांडेय महाविद्यालय वह सपहा में अमित महाविद्यालय स्थित है। इसके अलावा कई इंटर कॉलेज व बैंक भी स्थित होने के चलते लोगों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। डग्गामार वाहन मनमाना किराया वसूल करते है। गुरवलिया बाजार से कसया की दूरी करीब 21 किलोमीटर है जबकि इतने दूरी का किराया 50 रुपए प्रति यात्री देना पड़ता हैं। प्रदर्शन के दौरान मालती देवी, राजकिशोर प्रसाद, सुभाष यादव, दिलीप सिंह, मंगल प्रसाद, सागर गुप्ता, हरिलाल सैनी, बाबूलाल आदि मौजूद रहे।