गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने नाबालिग बेटी को समझाया था कि अभी उसके प्रेम प्रसंग की उम्र नहीं है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल महाराष्ट्र का रहने वाला है। 22 तारीख को वैशाली इलाके में बुजुर्ग अनिल सक्सेना की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। बुजुर्ग अनिल सक्सेना की पत्नी स्वास्थ्य विभाग में है। जब वह घर आई तो उन्होंने पति की लाश देखी थी। घर से नाबालिग बेटी गायब थी। इसके बाद पुलिस का शक नाबालिग बेटी पर था।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि मृतक ने संतान नहीं होने की वजह से लड़की को गोद लिया हुआ था। सुराग तलाशते हुए आज नाबालिग बेटी को पकड़ा गया। उसका प्रेमी राहुल भी पकड़ा गया। सीसीटीवी में दोनों को साथ जाते हुए देखा भी गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लड़की के पिता दोनों के प्रेम संबंधों पर ऐतराज करते थे। जिसके चलते 22 तारीख को राहुल उनके घर पहुंचा और लड़की और राहुल ने मिलकर अनिल सक्सेना की गला दबाकर हत्या कर दी।
न्यूज़ क्रेडिट: royalbulletin