Lucknow लखनऊ : जमीन के विवाद में विशेश्वरगंज क्षेत्र के चंदईपुर निवासी योगेश चौबे (28) को उनके पट्टीदारों ने रविवार देर शाम घर से निकालकर गोली मार दी।
परिजन गंभीर हालत में उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र चौबे ने बताया कि उनका पट्टीदारों से जमीन का विवाद चल रहा है। रविवार शाम वह धान की रोपाई करवा रहे थे। चचेरे भाई योगेश घर पर अकेले थे। इसी दौरान पहुंचे विपक्षी पट्टीदारों ने उन्हें घर से निकाला और पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सीने से सटाकर गोली मार दी।
जितेंद्र ने आरोप लगाया कि पट्टीदारों ने चकमार्ग के दोनों तरफ कब्जा कर लिया है, जिसे लेकर विवाद चल रहा है। प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को पेशी भी है, लेकिन एक दिन पहले ही विपक्षियों ने चचेरे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद परिजनों ने एसपी के सीयूजी नंबर पर फोन किया, लेकिन वह नॉट रिचेबल रहा।
यही हाल एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा व सीओ पयागपुर के सीयूजी नंबर का भी रहा। विशेश्वरगंज थाना प्रभारी ने फोन ही नहीं उठाया। योगेश तीन भाइयों में बड़े थे। उनके पिता दिलीप चौबे किसान हैं और घर पर ही रहते हैं। परिवार के भरण पोषण के लिए योगेश डेयरी में दूध की सप्लाई का काम करते थे।