नौ साल की बच्ची पर हैवानियत की हदें पार, सिगरेट के दाग बयां किया दर्द

Update: 2025-06-26 10:37 GMT
Agra आगरा : आगरा के सदर क्षेत्र में 9 वर्षीय बालिका को खरीदकर देह व्यापार कराने के मामले में पुलिस गिरोह की तलाश में दबिश दे रही है। मुख्य आरोपी महेंद्र की गिरफ्तारी के लिए टीम जयपुर भी गई।
मगर, उसके जेल में बंद होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम अब उसका बी वारंट लेगी। वहीं पीड़िता के बृहस्पतिवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। सदर क्षेत्र में रह रही 9 वर्षीय बालिका तीन दिन पहले एक राहगीर की मदद से पुलिस के पास तक पहुंची थी। उससे देह व्यापार कराया जा रहा था। उसने कथित मां गीता पर आरोप लगाया था। विरोध पर गीता और उसके बेटे उसे पीटते थे।
सिगरेट से दागते थे। वह भागकर आई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मंगलवार को आरोपी गीता, उसके पति मानिकचंद्र, बेटे अमित और कुनाल को जेल भेजा था। 5 अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस को पता चला है कि कुनाल और उसकी पत्नी शालू बालिका को दो वर्ष पहले जयपुर के महेंद्र से खरीदकर लाए थे। इसके बाद 15 दिन अपने घर में रखा। फिर 60 हजार रुपये में बालिका को गीता को बेचा था। गीता उससे देह व्यापार कराने लगी।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि एक टीम को जयपुर भेजा गया था। उसके पहले से जेल में बंद होने की जानकारी मिली है। अब उसे बी वारंट पर आगरा लाया जाएगा। बृहस्पतिवार को बालिका के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। बालिका की काउंसिलिंग भी की जा रही है।
Tags:    

Similar News