नई कार की खुशी पल में सर्द हो गई, दोनों दोस्तों ने एक साथ सासें छोड़ दीं
Shahjahanpur शाहजहांपुर : नई गाड़ी से उत्तराखंड के कैंची धाम जा रहे छह दोस्तों में से दो की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में जान गंवाने वालों में बाराबंकी की आवास विकास कॉलोनी निवासी विवेक मिश्रा (35) और उनके करीबी मित्र योगेश कुरील (50) शामिल हैं।
दोनों की मौत की खबर करीब नौ घंटे बाद देर रात दो बजे उनके परिजनों को मिली तो दोनों परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। हर किसी की आंख नम हो गई। बाराबंकी में विकास भवन के पास कुरील कुंज निवासी जीएसटी कार्यालय के लिपिक योगेश कुरील (50) अपने दोस्त आवास विकास कॉलोनी निवासी विवेक मिश्रा (35) की नई कार से उत्तराखंड के नैनीताल और कैंची धाम जाने के लिए निकले थे।
उनके साथ ग्राम लकपड़ाबाद निवासी नरेंद्र चौधरी, जैदपुर निवासी महेश कुमार व शिवकुमार भी थे। बृहस्पतिवार रात 12 बजे शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में फीलनगर गांव के सामने उनकी कार में पीछे से आ रही बाइक छू गई। इसके बाद बाइक पर सवार रामपुर जिले के अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव रतनपुरा सुमाली निवासी मुब्बसिर अली (45) व उसके भाई जुनैद की कार सवार लोगों इससे कहासुनी होने लगी। इसी दौरान आए तेज रफ्तार टैंकर उनको रौंद दिया। हादसे में विवेक मिश्रा, योगेश कुरील व बाइक सवार मुब्बसिर अली की मौत हो गई। नरेंद्र चौधरी, महेश कुमार, शिवकुमार को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। जुनैद का बरेली में इलाज चल रहा है।