Viral Video: डोसा दुकान में 2 युवतियों ने किया हंगामा-तोड़फोड़, बोलीं- पिता को पीटा था
वीडियो हुआ वायरल.
वाराणसी: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर में एक डोसा की दुकान का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवतियां दुकान पर हंगामा और तोड़फोड़ करती दिख रही हैं। दुकानदार बाल मुकुंद पांडेय ने दोनों युवतियों पर कई आरोप लगाए हैं:
जबरन दुकान में घुसकर सामान तोड़ना
कर्मचारियों और ग्राहकों से मारपीट करना
गाली-गलौज करना और जान से मारने की धमकी देना
स्कूटी से पहुंचीं, पहले बनाया वीडियो
पुलिस में दर्ज मुकदमे के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 8 बजे दुकानदार अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। तभी दो युवतियां काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से वहां आईं। आरोप है कि दोनों पहले दुकान और आसपास की जगह का वीडियो बना रही थीं। फिर वे अचानक दुकान में घुस गईं, डोसा बनाने वाला बर्नर उठाकर फेंक दिया और वहां रखा बाकी सामान तोड़ने लगीं।
सीसीटीवी में दिखी अफरा-तफरी
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कुछ देर के लिए दुकान में अफरा-तफरी मच गई और वहां बैठी महिलाएं बाहर भागने लगीं। एक महिला ने युवती को रोकने की कोशिश की तो दोनों में तीखी बहस हो गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
कर्मचारियों और ग्राहकों को चोटें, गल्ले में हाथ डालने का आरोप
दुकानदार के अनुसार, जब युवतियों का विरोध किया गया तो वे गालियां देने लगीं और सामान फेंककर हमला कर दिया। इससे दुकान के कर्मचारियों और कुछ ग्राहकों को चोटें आईं। दुकानदार का यह भी आरोप है कि इस दौरान दोनों ने दुकान के गल्ले में हाथ डालने की कोशिश की।
युवतियों का आरोप- पिता को पीटा गया था
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई आवाज में युवतियां कहती सुनाई दे रही हैं कि कुछ लोगों ने मिलकर उनके पिता की पिटाई की थी, और वे उसी का हिसाब लेने दुकान पर आई थीं। पुलिस ने इस पूरी घटना पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।