शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पिता ने फांसी लगाकर दे दी जान, जानें क्या थी वजह..

Update: 2022-11-27 09:23 GMT
लखनऊ। यूपी के लखनऊ जिले के एक गांव में खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब एक पिता ने अपनी बेटी की शादी वाले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ ही समय में जिस घर में बारात का स्वागत होने वाला था, उसी घर में अचानक मातम छा गया। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दें कि घटना मोहनलालगंज के टिकरा गांव की है। जहां के निवासी सुनील द्विवेदी (55) के घर में बेटी की शादी को लेकर चारों तरफ खुशियों का माहौल था। वहीं, सभी बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान घर में आने वाली खुशियां मातम में बदल गई। दरअसल काफी समय से लड़की के पिता सुनील का कुछ पता नहीं चल रहा था, इसलिए सभी घर वालों और रिश्तेदारों ने मिलकर उसे ढूंढना शुरू कर दिया।
इसी दौरान उनको परिवार वालों घर के पिछले हिस्से में बने पशु बाड़े में सुनील का शव फंदे से लटका मिला। जिसे देखकर सब का दिल दहल उठा। आनन-फानन में परिजनों ने सुनील को नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक सुनील शराब के नशे का आदी था। वहीं, घर में शादी थी, जिसके लिए बहुत सारे रिश्तेदार घर में आए हुए थे। इसी दौरान लड़की के पिता यानी सुनील का उसके किसी रिश्तेदार से झगड़ा हो गया। जिसके बाद सभी सुनील को बोलने लग गए कि शादी का माहौल है और कम पिया करो। जिसके बाद वह जाकर सो गया। इसके बाद सुबह फांसी से लटका उसका शव मिला, जिससे घर में मातम पसर गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे ने बताया कि सुनील शनिवार रात को नशे में थे। इसी दौरान उसका घर में आए हुए एक रिश्तेदार से झगड़ा हो गया, जिसके बाद वह जाकर सो गया। वहीं, रविवार सुबह सुनील का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।

Similar News