लूट का विरोध करने पर व्यापारी और उसकी पत्नी को मारी गोली

Update: 2023-08-10 13:59 GMT
मेरठ। मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक व्यापारी और उसकी पत्नी को गोली मार दी। इस घटना में कारोबारी की मौत हो गयी और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि ब्रह्मपुरी निवासी व्यापारी धन कुमार जैन (70) के घर में आज सुबह करीब आठ बजे दो बदमाश घुस गये।
उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को एक कमरे में बंद कर लूटपाट शुरू कर दी। जैन ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। जैन की पत्नी अंजू (65) ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उन्हें भी गोली मार दी और भाग गये। सिंह ने बताया कि दंपति को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान जैन की मौत हो गयी। अंजू की हालत गंभीर है और उनका उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल से घर पहुंचे बदमाश हेलमेट पहने थे। परिजन से लूटे गये सामान का विवरण मांगा गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस बीच, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ''मेरठ में घर में घुसकर कारोबारी की हत्या और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला तथा लूट एक दिल दहलाने वाली बेहद दहशतकारी घटना है। भाजपा सरकार में मंदी व कर की मार, अधिकारियों का भ्रष्टाचार, सत्ताधारी दल की चंदा वसूली और अपराधियों के खौफ ने उत्तर प्रदेश में कारोबार को पूरी तरह मार दिया है।''
Tags:    

Similar News